अंडरपास के बगल का कच्चा रास्ता कीचड़ में बदला, स्कूली बच्चों और राहगीरों की बढ़ी मुश्किल

दैनिक बुद्ध का संदेश
खेसरहा। बेलौहा-घोसियारी मार्ग पर भालुआ में निर्माणाधीन अंडरपास के कारण बनाए गए वैकल्पिक कच्चे रास्ते पर बारिश के बाद कीचड़ और फिसलन से राहगीरों की परेशानी बढ़ गई है।भालुआ में खलीलाबाद-बहराइच रेलवे लाइन परियोजना के तहत अंडरपास का निर्माण चल रहा है। निर्माणाधीन अंडरपास की वजह से मुख्य मार्ग प्रभावित होने के कारण आवागमन के लिए बगल से मिट्टी का अस्थायी रास्ता बनाया गया है। मंगलवार दोपहर हुई बारिश के बाद यह रास्ता पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो गया। फिसलन के कारण कई बाइक सवार रास्ते में गिर पड़े। हादसों में कुछ लोगों को हल्की-फुल्की चोटें भी आईं।यह रास्ता क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। रोजाना सैकड़ों लोग अपने कामकाज के सिलसिले में इसी मार्ग से आवागमन करते हैं। इसके अलावा स्कूली बच्चे भी इसी रास्ते से स्कूल आते-जाते हैं और स्कूल बसों का आवागमन भी इसी मार्ग से होता है। ऐसे में बारिश के बाद रास्ते की खराब स्थिति से बच्चों और राहगीरों की परेशानी बढ़ गई है।राहगीरों का कहना है कि अंडरपास का निर्माण पूरा होने में अभी समय लगेगा। ऐसे में निर्माण स्थल के बगल से सुरक्षित और मजबूत वैकल्पिक मार्ग बनाया जाना चाहिए था। बारिश होते ही मिट्टी का रास्ता कीचड़ और फिसलन से भर जाता है, जिससे बाइक सवारों के साथ पैदल चलने वालों को भी काफी परेशानी होती है।लोगों ने संबंधित निर्माण एजेंसी से वैकल्पिक मार्ग पर गिट्टी अथवा अन्य मजबूत सामग्री डालकर रास्ते को जल्द सुरक्षित कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि स्कूली बच्चों और बसों के नियमित आवागमन को देखते हुए रास्ते की समस्या का जल्द समाधान जरूरी है, ताकि किसी बड़े हादसे की स्थिति न बने।

टिप्पणियां