आकाशीय बिजली से 400 और 100 केवीए के ट्रांसफार्मर जले, बिजली आपूर्ति बाधित

दैनिक बुद्ध का संदेश
महराजगंज। जिले में बुधवार को तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से विद्युत विभाग को नुकसान हुआ। अलग-अलग स्थानों पर आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 400 और 100 केवीए क्षमता के दो ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए। इसके चलते खुटहा बाजार और रुदलापुर गांव के उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।जानकारी के अनुसार, चेहरी (रम्हौली) उपकेंद्र के अंतर्गत खुटहा बाजार में निराला स्टूडियो के पास स्थापित 400 केवीए के ट्रांसफार्मर पर बुधवार को बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिर गई। तेज विद्युत प्रवाह की चपेट में आने से ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गया। इसी तरह रुदलापुर गांव में लगा 100 केवीए का ट्रांसफार्मर भी आकाशीय बिजली गिरने से खराब हो गया।दोनों ट्रांसफार्मरों के क्षतिग्रस्त होने के बाद संबंधित क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सूचना मिलने पर विद्युत विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और आपूर्ति बहाल करने का प्रयास शुरू किया। कर्मचारियों ने ट्रांसफार्मरों की स्थिति की जांच करने के साथ तकनीकी खराबी दूर करने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।अवर अभियंता महेंद्र नाथ ने बताया कि खुटहा का 400 केवीए और रुदलापुर का 100 केवीए ट्रांसफार्मर आकाशीय बिजली गिरने से क्षतिग्रस्त हुआ है। स्टाफ को मौके पर भेजकर बिजली आपूर्ति बहाल कराने का प्रयास किया गया, लेकिन ट्रांसफार्मर में खराबी के कारण सप्लाई शुरू नहीं हो सकी। मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। जल्द ही आवश्यक कार्रवाई कर प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल कराने का प्रयास किया जा रहा है।

टिप्पणियां