सीधे खबरों पर जाएं
Saturday, 10 October 2026

व्यापारियों की सुरक्षा पर पुलिस गंभीररू एएसपी ने सर्राफा, पेट्रोल पंप व व्यवसायियों संग की मासिक गोष्ठी

दैनिक सत्ता मंत्र
श्रावस्ती। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देशन में रविवार को पुलिस कार्यालय सभागार में अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रकेश सिंह ने जनपद के सर्राफा व्यापारियों, पेट्रोल पंप संचालकों, गैस एजेंसी प्रतिनिधियों, ईंट भट्ठा स्वामियों एवं अन्य व्यवसायियों के साथ मासिक गोष्ठी आयोजित कर सुरक्षा व्यवस्था एवं व्यापारियों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।गोष्ठी में क्षेत्राधिकारी भिनगा भरत पासवान एवं क्षेत्राधिकारी इकौना आलोक कुमार सिंह भी मौजूद रहे। अपर पुलिस अधीक्षक ने सभी व्यापारियों से परिचय प्राप्त कर उनके क्षेत्रों में आ रही समस्याओं की जानकारी ली। व्यापारियों ने यातायात व्यवस्था, सड़क अतिक्रमण, बस स्टैंड पर अवैध डग्गामार वाहनों का संचालन, पेट्रोल पंपों की सुरक्षा तथा स्कूल बसों की फिटनेस से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठाईं।अपर पुलिस अधीक्षक ने सभी समस्याओं पर गंभीरता से कार्रवाई का भरोसा देते हुए कहा कि भीड़भाड़ वाले बाजारों में यातायात व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाएगा। अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया जाएगा तथा पेट्रोल पंपों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के लिए आवश्यक पुलिस प्रबंधन सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही संबंधित विभागों के समन्वय से स्कूल बसों की नियमित फिटनेस जांच भी कराई जाएगी।उन्होंने बताया कि बाजारों की सुरक्षा के लिए रात्रि गश्त और पुलिस पिकेट बढ़ाई जाएगी। बैंक एवं एटीएम के आसपास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की नियमित जांच होगी तथा व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए थाना एवं चौकी स्तर पर नियमित मासिक गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा।सुरक्षा के मद्देनजर सभी व्यापारियों से अपने गार्डों एवं चौकीदारों का पुलिस सत्यापन कराने, बाल श्रम न कराने तथा ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत प्रतिष्ठानों पर उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की गई। पुलिस ने जनसहयोग से सीसीटीवी कैमरे स्थापित कराने वाले व्यापारियों का आभार भी व्यक्त किया।गोष्ठी में अग्निकांड से बचाव के लिए संस्थानों में आवश्यक सुरक्षा उपकरण लगाने तथा साइबर अपराध से बचने के लिए ओटीपी, बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करने और संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने के प्रति भी व्यापारियों को जागरूक किया गया।इस अवसर पर प्रभारी 112 रामनवल यादव, प्रभारी यातायात मोहम्मद शमीम, सूफी सगीर अहमद, मिथिलेश कुमार, आलमगीर, प्रेम नारायण तिवारी, रिजवान अहमद, संतोष कुमार सहित जनपद के अनेक व्यापारी एवं विभिन्न थानों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

लेखक
asif.ali27march
सभी खबरें देखें

संबंधित खबरें

टिप्पणियां

अपनी टिप्पणी लिखें

Your email address will not be published. Required fields are marked *