सीधे खबरों पर जाएं
Saturday, 10 October 2026

बढ़नी ब्लॉक के कई गांवों में बदहाल सफाई व्यवस्था, ग्रामीणों ने उठाए सवाल

दैनिक सत्ता मंत्र
बढ़नी, सिद्धार्थनगर। विकास खंड बढ़नी की कई ग्राम पंचायतों में सफाई व्यवस्था बदहाल होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। आरोप है कि नियमित सफाई न होने से नालियां गंदगी से पटी हैं, जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं और दुर्गंध व मच्छरों के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। शिकायतों के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं होने की बात ग्रामीणों ने कही है। ग्रामीणों के अनुसार खैरी शीतल प्रसाद, टीकर, सेमरहवा, सिंहोरवा, सुर्जी, सिसवा बुजुर्ग, पिपरा, रेडवरिया, बगही, रामनगर, डढ़ऊल, पिकौरा, मोहनकोला, टीशम, गडरखा और जिगिनिहवा उर्फ धनौरी समेत कई गांवों में नियमित सफाई नहीं हो रही है। उनका कहना है कि अधिकांश लोगों को यह तक जानकारी नहीं है कि उनके गांव का नियुक्त सफाई कर्मचारी कौन है। कुछ ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई सफाई कर्मी नियमित रूप से गांव नहीं आते और कहीं-कहीं औपचारिक सफाई या मजदूरों के माध्यम से कार्य कराया जाता है। ग्रामीणों ने स्वच्छता किट, ठेला गाड़ी, ब्लीचिंग पाउडर और मच्छररोधी दवा के उपयोग व वितरण की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि समय पर सफाई, फॉगिंग और ब्लीचिंग का छिड़काव कराया जाए तो संक्रामक बीमारियों के खतरे को काफी हद तक रोका जा सकता है। उनका आरोप है कि स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों के अनुरूप जमीनी स्तर पर कार्य नहीं दिख रहा है। इस संबंध में जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) का पक्ष जानने के लिए उनके मोबाइल नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

लेखक
asif.ali27march
सभी खबरें देखें

संबंधित खबरें

टिप्पणियां

अपनी टिप्पणी लिखें

Your email address will not be published. Required fields are marked *