सीधे खबरों पर जाएं
Saturday, 10 October 2026

निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श को लेकर भरौली में हुआ आरोग्य चौपाल का आयोजन

दैनिक सत्ता मंत्र
तुलसियापुर, सिद्धार्थनगर।पंचगव्य चिकित्सा सेवा केंद्र की ओर से रविवार को ग्राम पंचायत भरौली, ब्लॉक बढ़नी में आरोग्य चौपाल के तहत निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के ग्रामीणों ने पहुंचकर विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं के संबंध में विशेषज्ञ परामर्श एवं स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन प्राप्त किया। शिविर में गव्यसिद्ध डॉ. सुनील केसी ने ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया। इस दौरान गैस, कब्ज, एसिडिटी, जोड़ों एवं कमर के दर्द, माइग्रेन, त्वचा संबंधी समस्याओं, एलर्जी, श्वास संबंधी परेशानी, बीपी, डायबिटीज, मोटापा और अनिद्रा समेत विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं को लेकर ग्रामीणों ने परामर्श लिया। शिविर के दौरान ग्रामीणों को प्राकृतिक जीवनशैली अपनाने, संतुलित खान-पान रखने तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के संबंध में भी जानकारी दी गई। साथ ही पंचगव्य चिकित्सा सेवा केंद्र की ओर से उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में ग्रामीणों को अवगत कराया गया।गव्यसिद्ध डॉ. सुनील केसी ने कहा कि “आरोग्य चौपाल का उद्देश्य स्वास्थ्य जागरूकता और स्वास्थ्य परामर्श को गांव-गांव तक पहुंचाना है। ग्रामीण क्षेत्रों में अनेक लोग समय पर स्वास्थ्य संबंधी सलाह नहीं ले पाते हैं। इसी उद्देश्य से पंचगव्य चिकित्सा सेवा केंद्र द्वारा प्रत्येक सप्ताह एक गांव में आरोग्य चौपाल आयोजित करने का संकल्प लिया गया है। भरौली में ग्रामीणों का सहयोग और विश्वास उत्साहवर्धक है। आगे भी अलग-अलग गांवों में इस तरह के शिविर आयोजित किए जाएंगे।” आयोजकों ने शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य परामर्श लेने वाले सभी क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विकास भारती, दीननाथ, समय पाठक, अनंतराम पाठक, विशाल पाठक, अश्विनी पाठक, चंद्रप्रकाश, अजय कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

लेखक
asif.ali27march
सभी खबरें देखें

संबंधित खबरें

टिप्पणियां

अपनी टिप्पणी लिखें

Your email address will not be published. Required fields are marked *