इकौना थाने का अर्धवार्षिक निरीक्षण, ब्व् ने दिए सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश
दैनिक सत्ता मंत्र
इकौना/श्रावस्ती। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी इकौना आलोक कुमार सिंह ने थाना इकौना का अर्धवार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर, कार्यालय, हवालात, मालखाना सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अभिलेखों, रजिस्टरों एवं रिकॉर्ड का गहन निरीक्षण किया। क्षेत्राधिकारी ने लंबित प्रार्थना पत्रों और विवेचनाधीन अभियोगों की समीक्षा करते हुए उनके समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। पुलिसकर्मियों से बीट व्यवस्था, ड्यूटी और क्षेत्र में पुलिसिंग गतिविधियों की जानकारी लेते हुए अनुशासन एवं टीम भावना के साथ कार्य करने को कहा। श्रावण मास के दृष्टिगत क्षेत्राधिकारी ने प्रमुख शिवालयों एवं धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की भीड़, कांवड़ यात्रा तथा यातायात व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने धार्मिक स्थलों और प्रमुख मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर में स्वच्छता, अभिलेखों एवं सरकारी संसाधनों के व्यवस्थित रख-रखाव पर भी विशेष जोर दिया गया। साथ ही आमजन और शिकायतकर्ताओं के साथ विनम्र एवं संवेदनशील व्यवहार करते हुए उनकी समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। क्षेत्राधिकारी ने महिला एवं बाल सुरक्षा, अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण तथा कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाए रखने पर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों से श्रावण मास के दौरान शांति, सुरक्षा और सौहार्द का वातावरण बनाए रखने तथा आमजन के बीच पुलिस के प्रति विश्वास को और मजबूत करने का आह्वान किया।

टिप्पणियां