सीधे खबरों पर जाएं
Friday, 9 October 2026

शहीद भगत सिंह जयंती पर जगतजीत इंटर कॉलेज में नशा मुक्ति जन-जागरूकता गोष्ठी


दैनिक बुद्ध का संदेश
श्रावस्ती। शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती के अवसर पर गौतम बुद्ध कान्हा जन सेवा संस्थान की ओर से जगतजीत इंटर कॉलेज, इकौना के सभागार में नशा मुक्ति अभियान को लेकर विचार गोष्ठी एवं जन-जागरूकता शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ शहीद भगत सिंह के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। मुख्य अतिथि एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य राम बिहारी वाजपेई ने कहा कि भगत सिंह ने महज 23 वर्ष की आयु में देश के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। उनका जीवन अनुशासन, त्याग और चरित्र की प्रेरणा देता है। उन्होंने छात्रों से भगत सिंह के जीवन से प्रेरणा लेने और नशे से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशा समाज को अंदर से कमजोर कर रहा है। विशिष्ट अतिथि डॉ. अरविंद कुमार ने छात्रों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए कहा कि तंबाकू, गुटखा, शराब और ड्रग्स जैसे नशीले पदार्थ शरीर के विभिन्न अंगों को नुकसान पहुंचाते हैं। कम उम्र में नशे की शुरुआत से पढ़ाई प्रभावित होने के साथ याददाश्त कमजोर और मानसिक तनाव बढ़ सकता है। उन्होंने स्वस्थ जीवन के लिए नशे से पूरी तरह दूर रहने की अपील की। समाजसेविका अर्चना बाजपेई ने कहा कि नशे का असर केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरा परिवार प्रभावित होता है। उन्होंने छात्राओं से अपने परिवार और आसपास के लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति अभियान में महिलाओं और बेटियों की भागीदारी महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम में अवधेश जायसवाल, हिंदू युवा वाहिनी के जिला सह प्रभारी धर्मेंद्र सिंह, हनुमान प्रसाद एवं जीवन लाल यादव सहित विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं और अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने के लिए जागरूकता की शपथ भी दिलाई गई।

लेखक
asif.ali27march
सभी खबरें देखें

संबंधित खबरें

टिप्पणियां

अपनी टिप्पणी लिखें

Your email address will not be published. Required fields are marked *