पिढ़िया प्राथमिक विद्यालय बदहाल, टूटी बाउंड्रीवाल और गेट पर जलभराव


दैनिक बुद्ध का संदेश
खेसरहा। सिद्धार्थनगर के खेसरहा ब्लॉक के पिढ़िया गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय की बदहाल स्थिति से बच्चों की सुरक्षा और स्वच्छता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। विद्यालय की बाउंड्रीवाल कई जगह से टूटी हुई है, जिससे परिसर खुला पड़ा है। इससे असामाजिक तत्वों के परिसर में प्रवेश करने की आशंका बनी रहती है।विद्यालय के मुख्य गेट के सामने बारिश के बाद जलभराव और गंदगी की स्थिति बनी हुई है। बच्चों और शिक्षकों को पानी व कीचड़ के बीच से होकर विद्यालय में प्रवेश करना पड़ता है। परिसर के आसपास भी कूड़ा-कचरा और झाड़ियां दिखाई दे रही हैं।प्रधानाध्यापक सुनील कुमार त्रिवेदी ने बताया कि इन समस्याओं के कारण विद्यालय संचालन में दिक्कत होती है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी दी है। खंड शिक्षा अधिकारी नीरज सिंह ने जांच कराकर समस्या के समाधान का भरोसा दिया है।ग्रामीणों ने विद्यालय की टूटी बाउंड्रीवाल और गेट के सामने जलभराव की समस्या का जल्द समाधान कराने की मांग की है। उनका कहना है कि विद्यालय में पढ़ने वाले छोटे बच्चों को गंदगी और पानी के बीच से गुजरना पड़ता है। ऐसे में किसी दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। ग्रामीणों ने जिम्मेदार अधिकारियों से बाउंड्रीवाल की मरम्मत, जलनिकासी और परिसर की नियमित साफ-सफाई कराने की मांग की है।

टिप्पणियां