सीधे खबरों पर जाएं
Friday, 9 October 2026

टूटी सड़क और कीचड़ भरे मार्ग से होकर बुढ़वा बाबा पहुंचेंगे कांवरिए, 3 किमी संपर्क मार्ग वर्षों से जर्जर

दैनिक सत्ता मंत्र
बहराइच। सावन माह में जहां प्रदेश सरकार शिवभक्त कांवरियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्थाओं का दावा कर रही है, वहीं बहराइच जिले के नानपारा विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड शिवपुर स्थित प्रसिद्ध बाबा बुद्धेश्वर नाथ धाम (बुढ़वा बाबा मंदिर) तक जाने वाला करीब 3 किलोमीटर लंबा संपर्क मार्ग वर्षों से बदहाल पड़ा है। रामपुर धोबिया हार स्थित इस प्राचीन शिव मंदिर में सावन के दौरान क्षेत्र ही नहीं, आसपास के जनपदों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु और कांवरिए जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। लेकिन जर्जर सड़क और बरसात में कीचड़ से लबालब मार्ग श्रद्धालुओं की आस्था की राह में बड़ी बाधा बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई वर्षों से सड़क निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। क्षेत्र का प्रतिनिधित्व सत्ता पक्ष के सांसद, विधायक और ब्लॉक प्रमुख द्वारा किए जाने के बावजूद सड़क की स्थिति में सुधार नहीं हो सका है। श्रद्धालुओं का कहना है कि जिस धाम में लाखों लोगों की आस्था जुड़ी है, वहां तक आज भी विकास का पहिया नहीं पहुंच पाया है। सावन में भारी संख्या में आने वाले कांवरियों को टूटी सड़क और कीचड़ भरे रास्ते से होकर मंदिर तक पहुंचना पड़ता है, जिससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से बुढ़वा बाबा मंदिर तक जाने वाले संपर्क मार्ग का शीघ्र निर्माण कराए जाने की मांग की है, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

लेखक
asif.ali27march
सभी खबरें देखें

संबंधित खबरें

टिप्पणियां

अपनी टिप्पणी लिखें

Your email address will not be published. Required fields are marked *