सीधे खबरों पर जाएं
Friday, 9 October 2026

पयागपुर में कांग्रेस नेता विनय सिंह नजरबंद, बोले- लोकतांत्रिक आवाज दबाने का प्रयास

दैनिक सत्ता मंत्र
पयागपुर। कांग्रेस सेवादल के राष्ट्रीय प्रशिक्षक एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता विनय सिंह को पयागपुर पुलिस द्वारा उनके आवास पर हाउस अरेस्ट किए जाने का मामला सामने आया है। विनय सिंह का आरोप है कि पुलिस ने देर रात उनके घर पहुंचकर उन्हें बाहर जाने से रोक दिया। बताया गया कि विनय सिंह आगामी 23 जुलाई को नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित सेवादल के राष्ट्रीय सम्मेलन में शामिल होने जा रहे थे। साथ ही वह संसद भवन के बाहर छात्रों, युवाओं और बेरोजगारों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में चल रहे ष्न्याय दो सत्याग्रह के समर्थन में सक्रिय थे। विनय सिंह ने बताया कि उन्होंने पुलिस कार्रवाई की जानकारी कांग्रेस हाईकमान को दी, जिसके बाद सेवादल का प्रस्तावित राष्ट्रीय सम्मेलन स्थगित कर दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि पयागपुर पुलिस प्रशासन ने उन्हें जिले में खाद-उर्वरक की समस्या को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन और ज्ञापन कार्यक्रम में भी शामिल नहीं होने दिया। कांग्रेस नेता ने इस कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन बताते हुए कहा कि छात्रों, युवाओं और किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर उनका संघर्ष जारी रहेगा। वहीं कांग्रेस नेताओं ने भी पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी जताई। पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष राजेंद्र सिंह, विशेश्वरगंज ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष एम. शफीक, किसान नेता लालजी गिरि, पयागपुर नगर अध्यक्ष डॉ. एम. नसीम इदरीसी, उमेश तिवारी, दुर्गेश सिंह, अवधराज पासवान, स्वदेश कुमार सिंह एडवोकेट, ध्रुव राज सिंह और मंशाराम तिवारी सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने कार्रवाई की निंदा की। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार के इशारे पर विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं इस मामले में पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

लेखक
asif.ali27march
सभी खबरें देखें

संबंधित खबरें

टिप्पणियां

अपनी टिप्पणी लिखें

Your email address will not be published. Required fields are marked *