सीधे खबरों पर जाएं
Saturday, 10 October 2026

इटहिया धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब सावन के दूसरे सोमवार हजारों श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक

दैनिक सत्ता मंत्र
निचलौल/नौतनवा। सावन के दूसरे सोमवार को प्रसिद्ध पंचमुखी शिव मंदिर इटहिया धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भोर से ही बाबा भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। देखते ही देखते मंदिर परिसर से लेकर आसपास के मार्गों तक भक्तों की लंबी कतार लग गई। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं की कतार दो से तीन किलोमीटर तक पहुंच गई। हजारों श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक किया और सुख-समृद्धि व परिवार की खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में पूरे दिन हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष गूंजते रहे। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की भी बड़ी संख्या में मौजूदगी रही। चप्पे-चप्पे पर रही पुलिस की नजर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मंदिर के सभी प्रवेश और निकास द्वारों के अलावा प्रमुख मोड़ों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित करने के साथ ही यातायात व्यवस्था संभालते रहे। सीसीटीवी से निगरानी मंदिर परिसर और आसपास के प्रमुख स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिये भीड़ पर नजर रखी गई। सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी लगातार कैमरों से निगरानी करते रहे। मंदिर में श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकास के लिए निर्धारित व्यवस्था के तहत उन्हें आगे बढ़ाया गया। भारी भीड़ के बावजूद पुलिस और प्रशासन की सतर्कता से श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण तरीके से दर्शन और जलाभिषेक किया। सावन के दूसरे सोमवार को इटहिया धाम में उमड़ी भीड़ ने एक बार फिर इस प्रसिद्ध शिवधाम की धार्मिक आस्था और श्रद्धा का भव्य रूप दिखाया। देर तक श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।

लेखक
asif.ali27march
सभी खबरें देखें

संबंधित खबरें

टिप्पणियां

अपनी टिप्पणी लिखें

Your email address will not be published. Required fields are marked *