करंट लगने से डेढ़ वर्षीय मासूम की मौत, परिवार में कोहराम
दैनिक बुद्ध का संदेश
बिस्कोहर। बिस्कोहर कस्बे के निजी बस अड्डे के पास सोमवार सुबह करीब 10 बजे करंट की चपेट में आने से डेढ़ वर्षीय मासूम की मौत हो गई। हादसे की जानकारी होते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद पूरे कस्बे में शोक का माहौल रहा। परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।नगर पंचायत बिस्कोहर निवासी गुड्डू कौशल का डेढ़ वर्षीय बेटा दिव्यांशु कौशल सोमवार सुबह घर के पास स्थित मशीनरी स्टोर की दुकान के बाहर खेल रहा था। खेलते-खेलते वह दुकान के पास रखे इलेक्ट्रॉनिक कांटे के नजदीक पहुंच गया। इसी दौरान उसका हाथ कांटे के बिजली के तार से संपर्क में आ गया और वह करंट की चपेट में आ गया।परिजनों के अनुसार इलेक्ट्रॉनिक कांटा चार्जिंग पर लगा हुआ था। उसके बिजली के तार का कुछ हिस्सा रगड़ लगने के कारण नंगा हो गया था। खेलते समय मासूम का हाथ नंगे तार से छू गया, जिससे वह करंट की चपेट में आकर जमीन पर गिर पड़ा।मासूम को करंट लगने की जानकारी मिलते ही परिजन घबरा गए और आनन-फानन में उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इटवा पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उसकी जांच की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद दिव्यांशु को मृत घोषित कर दिया।मासूम की मौत की खबर घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। माता-पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग भी पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया।बताया जा रहा है कि दिव्यांशु अभी बहुत छोटा था और खेलते समय अनजाने में बिजली के तार के संपर्क में आ गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने बिजली के खुले एवं क्षतिग्रस्त तारों को लेकर भी चिंता जताई। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

टिप्पणियां