सीधे खबरों पर जाएं
Friday, 9 October 2026

कुलदीप की मौत पर उठे सवाल, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका


दैनिक बुद्ध का संदेश
कैसरगंज, बहराइच। कैसरगंज क्षेत्र के गोड़हिया नंबर-1 गांव निवासी 22 वर्षीय कुलदीप निषाद का सोमवार दोपहर भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अंतिम संस्कार कराया गया। अंतिम संस्कार के दौरान गांव में शोक के साथ तनाव का माहौल बना रहा। क्षेत्रीय विधायक आनंद यादव भी मौके पर मौजूद रहे। परिजनों का आरोप है कि कुलदीप के लापता होने के बाद उन्होंने पुलिस को अपहरण की आशंका से अवगत कराते हुए कार्रवाई की मांग की थी। करीब 36 घंटे बाद तीन अक्टूबर को घाघरा के नाले से कुलदीप का शव बरामद हुआ। परिजनों ने शव पर चोट के निशान होने का दावा करते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि नामजद तहरीर दिए जाने के बावजूद मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। इसी मामले को लेकर रविवार शाम पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचने पर परिजनों और ग्रामीणों ने लखनऊ-बहराइच हाईवे स्थित बगद्वारापुर चौराहे पर जाम लगा दिया था। सूचना पर पहुंचे सीओ कैसरगंज डीके श्रीवास्तव ने निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ।वीआईपी के जिला प्रभारी अनिल निषाद ने भी पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया और निष्पक्ष जांच की मांग की। उधर, कैसरगंज थाना प्रभारी राजकुमार पांडे के अनुसार दो अक्टूबर को कुलदीप की गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। तीन अक्टूबर को उसका शव पानी में मिला। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण डूबना बताया गया है।अब परिजनों के हत्या के आरोप और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आए डूबने से मौत के कारण के बीच पुलिस जांच की निष्पक्षता और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।

लेखक
asif.ali27march
सभी खबरें देखें

संबंधित खबरें

टिप्पणियां

अपनी टिप्पणी लिखें

Your email address will not be published. Required fields are marked *