मेडिकल कॉलेज में इलाज में कथित लापरवाही से मरीज की मौत

दैनिक बुद्ध का संदेश
बहराइच। राजकीय मेडिकल कॉलेज बहराइच में इलाज में कथित लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। कानपुर निवासी 35 वर्षीय शैलेन्द्र कुमार की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की पत्नी रिचा बहराइच में महिला पुलिसकर्मी के पद पर तैनात हैं। परिजनों ने चिकित्सकीय व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए समय पर इलाज न मिलने का आरोप लगाया है।परिजनों के मुताबिक, शैलेन्द्र कुमार को पेट में तेज दर्द और सांस लेने में तकलीफ होने पर पत्नी रिचा शाम करीब 5रू30 बजे मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी लेकर पहुंचीं। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें भर्ती कर लिया। परिजनों का आरोप है कि उस समय उन्हें बताया गया कि “कोई गंभीर बात नहीं है।” इसके बाद मरीज की हालत बिगड़ती चली गई, लेकिन समय रहते समुचित उपचार नहीं मिल सका।परिजनों का कहना है कि जब शैलेन्द्र की हालत ज्यादा खराब हुई तो उन्होंने इमरजेंसी में दर्ज सीयूजी नंबर पर दो बार फोन किया, लेकिन कथित तौर पर फोन रिसीव नहीं हुआ। इसी बीच मरीज ने दम तोड़ दिया।घटना के बाद परिजनों में आक्रोश है। उनका सवाल है कि जब एक महिला पुलिसकर्मी अपने पति के इलाज के लिए अस्पताल की व्यवस्था के बीच जूझती रही और कथित तौर पर समय पर मदद नहीं मिली, तो सामान्य मरीजों की स्थिति क्या होगी?मामला सामने आने के बाद मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी व्यवस्था, चिकित्सकों की जवाबदेही और मरीजों की निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण चिकित्सकीय जांच और संबंधित अभिलेखों की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

टिप्पणियां