सीधे खबरों पर जाएं
Saturday, 10 October 2026

जलभराव और टपकती छत ने बढ़ाई मरीजों की मुसीबत, सोनौली स्वास्थ्य केंद्र की बदहाली उजागर

दैनिक सत्ता मंत्र
सोनौली (महराजगंज)। नगर पंचायत सोनौली के वार्ड संख्या 11 स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की बदहाल व्यवस्था बरसात में मरीजों के लिए बड़ी परेशानी का सबब बन गई है। स्वास्थ्य केंद्र परिसर में जलभराव होने से मरीजों, विशेषकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को आने-जाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान स्वास्थ्य केंद्र के जर्जर भवन की छत से लगातार पानी टपकता है। प्रतीक्षालय में पानी भर जाने के कारण मरीजों और तीमारदारों को खड़े होने तक की जगह नहीं मिलती। कई बार मरीजों को भीगते हुए अपनी बारी का इंतजार करना पड़ता है, जिससे संक्रमण फैलने का भी खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र के ठीक बगल में नगर पंचायत कार्यालय स्थित है, लेकिन इसके बावजूद जलनिकासी, भवन मरम्मत और मरीजों की मूलभूत सुविधाओं की ओर अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। हर वर्ष बरसात में यही स्थिति बनती है, लेकिन जिम्मेदार विभाग समस्या के स्थायी समाधान के लिए गंभीर नहीं दिख रहा है। क्षेत्रवासियों ने स्वास्थ्य विभाग और नगर पंचायत प्रशासन से स्वास्थ्य केंद्र परिसर में जलभराव की समस्या का तत्काल समाधान कराने, जर्जर भवन की मरम्मत कराने तथा मरीजों के लिए सुरक्षित और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो बरसात के दिनों में मरीजों की परेशानियां और बढ़ सकती हैं।

लेखक
asif.ali27march
सभी खबरें देखें

संबंधित खबरें

टिप्पणियां

अपनी टिप्पणी लिखें

Your email address will not be published. Required fields are marked *