सीधे खबरों पर जाएं
Friday, 9 October 2026

डीजे पर रोक को लेकर सामाजिक-धार्मिक संगठनों ने डीएम-एसपी को सौंपा पत्र


दैनिक बुद्ध का संदेश
बलरामपुर। नगर में शोभायात्राओं एवं जुलूसों के सुचारु और सुरक्षित संचालन को लेकर आदर्श नगर पालिका परिषद बलरामपुर के अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ के नेतृत्व में हुई सर्वसमाज की बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुपालन के लिए विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों ने जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजा है। पत्र में धार्मिक नेताओं एवं प्रतिष्ठित नागरिकों की बैठक में लिए गए निर्णयों के आधार पर प्रशासन से विस्तृत गाइडलाइन जारी करने की मांग की गई है। इसमें शोभायात्राओं एवं जुलूसों में डीजे संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध, नगर में डीजे वाहनों के प्रवेश पर प्रभावी रोक तथा डीजे संचालकों की बैठक कर उन्हें पूर्व में ही निर्देशित करने की मांग शामिल है। संगठनों ने शोभायात्राओं में वाहन सहित स्थापित मूर्ति की अधिकतम ऊंचाई 12 फीट निर्धारित करने तथा निर्धारित सीमा के उल्लंघन पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की। साथ ही जुलूस मार्गों पर लटक रहे विद्युत तारों को आयोजन से पहले व्यवस्थित करने और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया। डीजे वाहनों के प्रवेश पर निगरानी के लिए फुलवरिया बाईपास, सेखुईया चौराहा, नहर बालागंज मोड़, महेशभारी चौराहा मोड़ और तुलसीपुर रोड चुंगी नाके सहित प्रमुख मार्गों पर पुलिस व्यवस्था की मांग की गई है। प्रतिबंध का उल्लंघन करने वाले डीजे मालिक, ऑपरेटर, आयोजक अथवा वाहन स्वामी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई और जरूरत पड़ने पर डीजे जब्ती की मांग भी पत्र में की गई है। पत्र विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों की ओर से प्रेषित किया गया। इस दौरान महंत बृजानंद जी महाराज, राजकुमार लाल श्रीवास्तव, डीपी सिंह बैस, विजय अग्रवाल, हाजी नब्बन खां, मोहसिन, रमेश पहवा, राम नरेश त्रिपाठी, संजय शर्मा, कृष्ण गोपाल गुप्ता, आरिफ हुसैन सहित सभासद एवं अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

लेखक
asif.ali27march
सभी खबरें देखें

संबंधित खबरें

टिप्पणियां

अपनी टिप्पणी लिखें

Your email address will not be published. Required fields are marked *