सीधे खबरों पर जाएं
Saturday, 10 October 2026

बहराइच में स्कूली वाहनों पर चला ‘मिशन सेफ फ्यूचर 2.0’, छह के चालान, एक वाहन निरुद्ध

दैनिक सत्ता मंत्र
बहराइच। स्कूली छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने जिले में ‘मिशन सेफ फ्यूचर 2.0’ के तहत विशेष प्रवर्तन अभियान शुरू किया है। परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देश पर यह अभियान 11 अगस्त से 25 अगस्त 2026 तक संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) के निर्देशन में परिवहन विभाग की टीम ने विभिन्न विद्यालयों में संचालित स्कूली वाहनों की सघन जांच की। इस दौरान वाहनों की फिटनेस, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र, कर अदायगी, चालक का वैध ड्राइविंग लाइसेंस सहित निर्धारित सुरक्षा मानकों को परखा गया। जांच में मानकों का अनुपालन नहीं करने वाले 06 स्कूली वाहनों के चालान किए गए, जबकि 01 वाहन को थाने में निरुद्ध किया गया। कार्रवाई से स्कूली वाहन संचालकों में हड़कंप मचा रहा। परिवहन विभाग के अनुसार अभियान का उद्देश्य जिले में संचालित सभी स्कूली वाहनों की 100 प्रतिशत फिटनेस, वैध परमिट और विद्यालयी परिवहन सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करना है। प्रथम चरण में विद्यालय प्रबंधन से संपर्क कर बिना फिटनेस, बिना परमिट अथवा सुरक्षा मानकों के विपरीत संचालित वाहनों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए जा रहे हैं। इसके बाद पुलिस, यातायात पुलिस और शिक्षा विभाग के समन्वय से विशेष प्रवर्तन कार्रवाई जारी रहेगी। बिना वैध फिटनेस, परमिट अथवा सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ चालान, वाहन निरुद्ध करने सहित नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विद्यालय प्रबंधन के संबंध में सक्षम अधिकारियों को रिपोर्ट भी भेजी जाएगी। विभाग ने विद्यालय प्रबंधकों से अपील की है कि सभी स्कूली वाहनों के फिटनेस, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र, कर और चालक के वैध ड्राइविंग लाइसेंस समेत सभी दस्तावेज अद्यतन रखें। अभिभावकों से भी केवल वैध, फिट और सुरक्षित वाहनों से ही बच्चों को विद्यालय भेजने की अपील की गई है। परिवहन विभाग का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी है। ‘मिशन सेफ फ्यूचर 2.0’ के तहत नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूली वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

लेखक
asif.ali27march
सभी खबरें देखें

संबंधित खबरें

टिप्पणियां

अपनी टिप्पणी लिखें

Your email address will not be published. Required fields are marked *