सीधे खबरों पर जाएं
Friday, 9 October 2026

बीईओ ने कीर्तनपुर के विद्यालयों का किया औचक निरीक्षण

दैनिक सत्ता मंत्र
बहराइच। तेजवापुर खंड शिक्षा अधिकारी रणजीत कुमार ने प्राथमिक विद्यालय कीर्तनपुर एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय कीर्तनपुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षण व्यवस्था, छात्र उपस्थिति, मध्याह्न भोजन, स्वच्छता और अभिलेखों की स्थिति का जायजा लिया। प्राथमिक विद्यालय में 161 के सापेक्ष 102 बच्चे तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय में 133 के सापेक्ष 75 छात्र-छात्राएं उपस्थित मिले। बीईओ ने कक्षाओं में पहुंचकर बच्चों के अधिगम स्तर की जांच की। उन्होंने गणित व भाषा से संबंधित प्रश्न पूछकर शैक्षिक प्रगति परखी। उच्च प्राथमिक विद्यालय में रानी लक्ष्मीबाई बालिका योजना के तहत अनुदेशक शशांक शरण द्वारा छात्राओं को आत्मरक्षा के उपाय एवं प्रशिक्षण दिया जा रहा था। मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता परखने के लिए बीईओ स्वयं बच्चों के साथ पंक्ति में बैठकर भोजन किया। उन्होंने बच्चों से बातचीत कर पढ़ाई और खान-पान के बारे में जानकारी ली। इसके बाद रसोईघर का निरीक्षण कर खाद्य सामग्री के रख-रखाव, स्वच्छता और निर्धारित मीनू के अनुसार भोजन की गुणवत्ता जांची। निरीक्षण के दौरान शिक्षक उपस्थिति पंजिका, छात्र पंजिका, बाल गणना रजिस्टर और एमडीएम स्टॉक रजिस्टर का भी मिलान किया गया। बीईओ ने शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार के लिए कमजोर बच्चों को चिह्नित कर नियमित रूप से उपचारात्मक शिक्षण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी शिक्षकों एवं शिक्षामित्रों को समय से विद्यालय पहुंचने तथा शत-प्रतिशत छात्र उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए अभिभावकों से लगातार संपर्क बनाए रखने को कहा। विद्यालय परिसर, कक्षाओं, शौचालयों और पेयजल स्थलों की नियमित साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। बीईओ ने कहा कि एमडीएम में निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए। बच्चों को ताजा, पौष्टिक और निर्धारित मीनू के अनुसार ही भोजन उपलब्ध कराया जाए। साथ ही सभी पंजिकाएं, छात्रवृत्ति विवरण और विभागीय योजनाओं से संबंधित अभिलेख पूर्ण एवं अद्यतन रखने के निर्देश दिए।

लेखक
asif.ali27march
सभी खबरें देखें

संबंधित खबरें

टिप्पणियां

अपनी टिप्पणी लिखें

Your email address will not be published. Required fields are marked *