सीधे खबरों पर जाएं
Saturday, 10 October 2026

वरिष्ठ प्रवक्ता राम कुमार को दी गई भावभीनी विदाई, सम्मान और आत्मीयता से गूंजा सभागार

दैनिक सत्ता मंत्र
बहराइच। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), बहराइच में वरिष्ठ प्रवक्ता राम कुमार के सम्मानित सेवाकाल की पूर्णता पर भव्य एवं भावनात्मक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। पूरे कार्यक्रम में सम्मान, आत्मीयता और भावनात्मक जुड़ाव का ऐसा वातावरण रहा कि कई वक्ताओं की आंखें नम हो गईं। समारोह के मुख्य अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं प्रभारी प्राचार्य डायट आशीष सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि राम कुमार ने अपने लंबे सेवाकाल में केवल विद्यार्थियों और शिक्षकों का मार्गदर्शन ही नहीं किया, बल्कि अनुशासन, सादगी और कर्मनिष्ठा से पूरे शिक्षा विभाग के लिए एक आदर्श स्थापित किया। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति सेवा का अंत नहीं, बल्कि जीवन के एक नए और सुखद अध्याय की शुरुआत है। वरिष्ठ प्रवक्ता उदयभान ने कहा कि राम कुमार केवल सहकर्मी नहीं, बल्कि परिवार के वरिष्ठ सदस्य की तरह रहे हैं। उनके साथ बिताया गया प्रत्येक क्षण सीख, प्रेरणा और आत्मीयता से परिपूर्ण रहा तथा उनका स्नेह और मार्गदर्शन सदैव स्मरणीय रहेगा। कार्यक्रम में डायट के सभी प्रवक्ताओं एवं कर्मचारियों ने अपने संस्मरण साझा करते हुए राम कुमार के सहयोगी स्वभाव, सरल व्यक्तित्व और शिक्षा के प्रति समर्पण की सराहना की। सभी ने एक स्वर में कहा कि उनकी कमी संस्थान को लंबे समय तक महसूस होगी। समारोह में उपस्थित जनपद के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों ने भी उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व की प्रशंसा करते हुए स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षा जगत में उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा। कार्यक्रम का सबसे भावुक पल तब आया जब राम कुमार के परिजनों ने उनके सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए विभाग द्वारा दिए गए सम्मान और स्नेह के लिए सभी अधिकारियों, प्रवक्ताओं एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान पूरा सभागार भावनाओं से भर उठा। अपने विदाई संबोधन में राम कुमार ने कहा कि उन्हें इस संस्थान से जो सम्मान, स्नेह और अपनापन मिला है, वही उनके जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि समर्पित साथियों के बीच कार्य करने का अवसर उनके लिए सौभाग्य की बात रही और संस्थान की मधुर स्मृतियां जीवनभर उनके साथ रहेंगी। समारोह के समापन पर सभी अधिकारियों, प्रवक्ताओं एवं कर्मचारियों ने राम कुमार को पुष्पगुच्छ, शॉल एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर उनके स्वस्थ, सुखमय एवं दीर्घ जीवन की मंगलकामनाएं दीं। आत्मीयता और सम्मान से ओत-प्रोत यह विदाई समारोह उपस्थित सभी लोगों के लिए अविस्मरणीय बन गया।

लेखक
asif.ali27march
सभी खबरें देखें

संबंधित खबरें

टिप्पणियां

अपनी टिप्पणी लिखें

Your email address will not be published. Required fields are marked *