शोहरतगढ़ पुलिस ने महिलाओं को सुरक्षा, साइबर अपराध के प्रति किया जागरूक
दैनिक सत्ता मंत्र
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर।मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत रविवार को शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम मेडवा में बहू-बेटी एवं जनचौपाल सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं और बालिकाओं को नारी सुरक्षा, साइबर अपराध, महिला संबंधी अपराधों से बचाव तथा सरकार की ओर से जारी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। इस दौरान मिशन शक्ति फेज-5.0 के स्टीकर भी चस्पा किए गए।पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर अभिषेक महाजन के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद एवं क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी के पर्यवेक्षण में आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी निरीक्षक शोहरतगढ़ नवीन कुमार सिंह ने महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी या अपराध की स्थिति में महिलाएं और बालिकाएं बिना संकोच पुलिस की मदद लें। थाना स्तर पर स्थापित मिशन शक्ति केंद्र पर अपनी समस्या दर्ज कराई जा सकती है।कार्यक्रम के दौरान दहेज उत्पीड़न, पॉक्सो एक्ट तथा महिला संबंधी मामलों में पीड़िताओं की काउंसलिंग भी की गई। महिलाओं को साइबर अपराध से बचने, ऑनलाइन ठगी से सावधान रहने तथा स्वयं के साथ होने वाले अपराधों की तत्काल सूचना पुलिस को देने के लिए जागरूक किया गया।पुलिस टीम ने महिलाओं को महिला संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए जारी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी। इनमें 1090 वुमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 112 पुलिस हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 108 एंबुलेंस, 101 अग्निशमन, 14567 एल्डर हेल्पलाइन तथा 1930 साइबर हेल्पलाइन शामिल हैं। साथ ही नए कानूनों और यातायात नियमों के बारे में भी जानकारी दी गई। इस दौरान उप निरीक्षक परमानंद राय, हेड कांस्टेबल अविनाश सिंह, महिला कांस्टेबल अंबिका, शिल्पी और शोभा भारती सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

टिप्पणियां