सीधे खबरों पर जाएं
Saturday, 10 October 2026

स्टार हॉस्पिटल प्रबंधन ने जाम के आरोपों को बताया निराधार, निःशुल्क पार्किंग व्यवस्था होने का किया दावा

दैनिक सत्ता मंत्र
बस्ती। पचपेड़िया में लगने वाले जाम को लेकर उठ रहे सवालों के बीच स्टार हॉस्पिटल प्रबंधन ने अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि अस्पताल के पास मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए दो अलग-अलग निःशुल्क पार्किंग स्थल उपलब्ध हैं। हॉस्पिटल के चेयरमैन एतेशाम चौधरी ने कहा कि कुछ लोगों द्वारा यह प्रचारित किया जा रहा है कि अस्पताल की लापरवाही के कारण इस मार्ग पर जाम की स्थिति उत्पन्न होती है, जबकि यह आरोप पूरी तरह निराधार और भ्रामक हैं।एतेशाम चौधरी ने बताया कि स्टार हॉस्पिटल की पहली पार्किंग पेट्रोल पंप के बगल में तथा दूसरी पार्किंग राजन महिला डिग्री कॉलेज के मोड़ पर स्थित है। दोनों पार्किंग स्थलों पर वाहनों की सुरक्षा और सुव्यवस्थित व्यवस्था के लिए गार्ड भी तैनात किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इन पार्किंग स्थलों का उपयोग पूरी तरह निःशुल्क है और अस्पताल आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाता। उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर के बाहर भी स्पष्ट रूप से ष्नो पार्किंग एरिया, अपने वाहन निःशुल्क पार्किंग में खड़ा करेंष् का बोर्ड लगाया गया है, ताकि कोई भी वाहन सड़क पर खड़ा न हो और यातायात बाधित न हो। अस्पताल प्रबंधन लगातार लोगों से अपील करता है कि वे सड़क किनारे वाहन खड़ा करने के बजाय निर्धारित पार्किंग स्थल का ही उपयोग करें। स्टार हॉस्पिटल के चेयरमैन ने कहा कि इस मार्ग पर केवल अस्पताल ही नहीं बल्कि कई विद्यालय और अन्य संस्थान भी स्थित हैं। प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज, छात्र-छात्राएं और आम नागरिक इस सड़क से गुजरते हैं। ऐसे में जाम की समस्या का मुख्य कारण अस्पताल नहीं, बल्कि भारी वाहनों की लगातार आवाजाही है। उन्होंने बताया कि पटेल चौक स्थित टोल प्लाजा से बचने और टैक्स की बचत करने के उद्देश्य से कई वाहन चालक इस मार्ग का शॉर्टकट के रूप में इस्तेमाल करते हैं। इस कारण भारी वाहन एवं चार पहिया वाहन बड़ी संख्या में इसी सड़क से गुजरते हैं, जिससे अक्सर लंबा जाम लग जाता है। उन्होंने कहा कि इस समस्या पर न तो यातायात पुलिस प्रभावी कार्रवाई कर रही है और न ही टोल प्लाजा प्रशासन आवश्यक कदम उठा रहा है। एतेशाम चौधरी ने कहा कि कई बार स्थिति इतनी गंभीर हो जाती है कि एम्बुलेंस तक जाम में फंस जाती है और गंभीर मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने में कठिनाई होती है। उन्होंने इसे अत्यंत चिंताजनक बताते हुए संबंधित विभागों से इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने तथा स्थायी समाधान निकालने की मांग की। वहीं, अस्पताल में तैनात सुरक्षा गार्ड ने बताया कि अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को पहले मुख्य गेट पर उतारा जाता है, जिसके बाद उनके वाहन चालकों को तत्काल निर्धारित पार्किंग स्थल पर वाहन खड़ा करने के लिए भेज दिया जाता है। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि उनकी ओर से यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। स्टार हॉस्पिटल प्रबंधन ने प्रशासन से मांग की है कि जाम की समस्या के वास्तविक कारणों की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही पर प्रभावी नियंत्रण किया जाए, ताकि मरीजों, छात्रों और आम नागरिकों को प्रतिदिन होने वाली परेशानियों से राहत मिल सके। साथ ही प्रबंधन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और निर्धारित पार्किंग व्यवस्था का उपयोग कर यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

लेखक
asif.ali27march
सभी खबरें देखें

संबंधित खबरें

टिप्पणियां

अपनी टिप्पणी लिखें

Your email address will not be published. Required fields are marked *