सीधे खबरों पर जाएं
Saturday, 10 October 2026

स्तनपान सप्ताह पर तेजवापुर ब्भ्ब् में जागरूकता कार्यक्रम, हेल्दी बेबी शो में उत्कृष्ट माताएं सम्मानित

दैनिक सत्ता मंत्र
बहराइच। विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर बुधवार को आगा खान फाउंडेशन एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तेजवापुर में स्तनपान जागरूकता कार्यक्रम एवं हेल्दी बेबी शो का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य माताओं और नवजात शिशुओं के बेहतर स्वास्थ्य को बढ़ावा देना तथा स्तनपान के प्रति समुदाय में जागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम में माताओं एवं देखभालकर्ताओं को स्तनपान के महत्व, सही तकनीक, शिशु के सही अटैचमेंट, स्तनपान के दौरान आने वाली सामान्य समस्याओं और उनके समाधान की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही जन्म के पहले घंटे के भीतर स्तनपान शुरू करने, नवजात को पहला पीला गाढ़ा दूध (कोलोस्ट्रम) पिलाने, पहले छह माह तक केवल माँ का दूध देने तथा छह माह बाद पूरक आहार के साथ कम से कम दो वर्ष तक स्तनपान जारी रखने के लाभ बताए गए। सीएचसी अधीक्षक डॉ. आकांक्षा राय ने कहा कि ष्स्तनपान नवजात के स्वस्थ जीवन की पहली और सबसे मजबूत नींव है।ष् उन्होंने बताया कि जन्म के पहले घंटे में स्तनपान शुरू करने और छह माह तक केवल माँ का दूध पिलाने से कुपोषण, दस्त और निमोनिया जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा काफी हद तक कम हो जाता है। आगा खान फाउंडेशन के कार्यक्रम अधिकारी अशोक सिंह ने मातृ एवं शिशु सुरक्षा (एमसीपी) कार्ड में दिए गए स्तनपान संबंधी संदेशों और माताओं द्वारा अपनाई जाने वाली सही गतिविधियों की जानकारी दी। वहीं परियोजना समन्वयक मोहम्मद जावेद ने माताओं को स्तनपान के दौरान शिशु से स्नेहपूर्वक संवाद करने और सकारात्मक लालन-पालन व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया। बीसीपीएम रोहित वर्मा ने आशा कार्यकर्ताओं से इन महत्वपूर्ण संदेशों को समुदाय स्तर तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित हेल्दी बेबी शो में 0 से 2 वर्ष तक के बच्चों की माताओं का मूल्यांकन गर्भावस्था के दौरान कराई गई स्वास्थ्य जांच, जन्म के पहले घंटे में स्तनपान, छह माह तक केवल स्तनपान, बच्चों के स्वास्थ्य, वजन, टीकाकरण एवं स्वच्छता के मानकों के आधार पर किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली शीर्ष तीन माताओं को डॉ. आकांक्षा राय, बीसीपीएम रोहित वर्मा एवं कार्यक्रम अधिकारी अशोक सिंह ने सम्मानित किया। कार्यक्रम में 50 से अधिक धात्री माताओं, देखभाल कर्ताओं, आशा संगिनियों, आशा कार्यकर्ताओं, पंचायत प्रतिनिधियों तथा आगा खान फाउंडेशन के कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। विश्व स्तनपान सप्ताह के अंतर्गत आगा खान फाउंडेशन द्वारा बलहा, चित्तौरा एवं शिवपुर विकासखंड की विभिन्न ग्राम पंचायतों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें गर्भवती एवं धात्री माताओं को स्तनपान, शिशु पोषण और मातृ-शिशु स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण संदेशों से अवगत कराया गया।

लेखक
asif.ali27march
सभी खबरें देखें

संबंधित खबरें

टिप्पणियां

अपनी टिप्पणी लिखें

Your email address will not be published. Required fields are marked *