सीधे खबरों पर जाएं
Friday, 9 October 2026

200 मीटर कीचड़ पार कर बीज लेने को मजबूर किसान, संपर्क मार्ग न बनने से बढ़ी परेशानी

दैनिक सत्ता मंत्र
खेसरहा। खेसरहा क्षेत्र के छपवा स्थित राजकीय बीज गोदाम तक पहुंचने वाला करीब 200 मीटर लंबा संपर्क मार्ग आज भी कच्चा है। बारिश के बाद यह रास्ता पूरी तरह कीचड़ और दलदल में तब्दील हो गया है, जिससे किसानों और गोदाम कर्मचारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खरीफ सीजन में बीज वितरण, किसान पंजीकरण, केवाईसी और अन्य कृषि कार्यों के चलते प्रतिदिन बड़ी संख्या में किसान गोदाम पहुंच रहे हैं। लेकिन मुख्य सड़क से गोदाम तक जाने वाला मार्ग इतना खराब हो चुका है कि किसानों को अपने वाहन मुख्य सड़क पर ही खड़े कर पैदल कीचड़ से होकर गोदाम तक पहुंचना पड़ रहा है। कई जगह फिसलन होने से दुर्घटना का भी खतरा बना रहता है। स्थानीय किसानों ने बताया कि गोदाम का भवन करीब दो वर्ष पहले तैयार हो गया था, लेकिन अब तक संपर्क मार्ग का निर्माण नहीं कराया गया। कई बार संबंधित अधिकारियों से पक्की सड़क बनवाने की मांग की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। बीज गोदाम प्रभारी बोरिस चौहान ने बताया कि संपर्क मार्ग निर्माण के लिए विभागीय अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है। यदि सड़क का निर्माण हो जाए तो किसानों के साथ-साथ कर्मचारियों को भी काफी राहत मिलेगी। किसानों का कहना है कि खरीफ सीजन में बीज लेने आने वाले लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में जल्द से जल्द संपर्क मार्ग का निर्माण कराया जाना आवश्यक है, ताकि किसानों को कीचड़ और जलभराव से होकर गोदाम तक न जाना पड़े।

लेखक
asif.ali27march
सभी खबरें देखें

संबंधित खबरें

टिप्पणियां

अपनी टिप्पणी लिखें

Your email address will not be published. Required fields are marked *